चेन्नई , जुलाई 05 -- तमिलनाडु में कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र की 1000 मेगावाट क्षमता वाली पहली इकाई में जनरेटर सुरक्षा संबंधी गतिविधियों के कारण बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है।

ग्रिड पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने रविवार को बताया कि शनिवार शाम 4:43 बजे उत्पादन रोक दिया गया था। इसके चलते तमिलनाडु को पहली इकाई के कुल 1000 मेगावाट में से मिलने वाला उसके हिस्से का 562 मेगावाट बिजली नहीं मिल पा रहा है। ताजा जानकारी में हालांकि कहा गया है कि संयंत्र में आज बिजली उत्पादन बहाल होने की उम्मीद है। वहीं कुडनकुलम की दूसरी इकाई में बिजली उत्पादन हमेशा की तरह सामान्य रूप से जारी रहा।

इसी बीच न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) संचालित दो अन्य परमाणु संयंत्रों, कलपक्कम स्थित मद्रास परमाणु ऊर्जा स्टेशन (मैप्स) की 220 मेगावाट की पहली इकाई और कर्नाटक के 220 मेगावाट के कैगा संयंत्र में भी रखरखाव कार्यों के चलते बिजली उत्पादन बंद रहा। कैगा संयंत्र में ईएमसीआरआर/ईएमएफआर गतिविधियों के कारण 31 मार्च 2025 से ही उत्पादन बंद है और वहां एक सितंबर 2026 तक सामान्य बिजली उत्पादन बहाल होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित