ग्रेटर नोएडा , फरवरी 16 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा बिसरख थाना पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने कुट्टू का आटा बेचने वाली एक दुकान और संबंधित गोदाम को अनियमितताएं पाए जाने पर सील कर दिया है। यह कार्रवाई कुट्टू का आटा खाने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद की गई।
पुलिस द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई की जानकारी सोमवार को दी गई। उन्होंने बताया कि बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक निजी अस्पताल से सूचना मिली कि सुपरटेक इकोविलेज तीन, रोयल कोर्ट सोसाइटी और हिमालय प्राइड सोसाइटी में रहने वाले कई लोगों की तबीयत कुट्टू का आटा खाने से खराब हो गई है। सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस ने खाद्य विभाग को अवगत कराया।
खाद्य विभाग की टीम के सुरक्षा अधिकारी द्वारा थाना बिसरख में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर, धारा 275 बी.एन.एस.एवं 59 खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद खाद्य विभाग की टीम और थाना बिसरख पुलिस ने संयुक्त रूप से तीनों सोसायटियों में स्थित दुकानों की जांच की और सभी दुकानों से सैंपल लिए। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर रोयल कोर्ट सोसाइटी स्थित प्रशांत जनरल स्टोर को सील कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित