मोतिहारी , जुलाई 15 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस ने छतौनी थाना क्षेत्र में कुख्यात आरोपी नरेश पांडेय के आवास पर देर रात छापेमारी कर हथियार के साथ भारी धनराशि के साथ और करोड़ों के आभूषण बरामद किये हैं।
पुलिस की विशेष टीम ने विधिवत तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार, नकद राशि, सोने-चांदी के आभूषण, जमीन से संबंधित संदिग्ध दस्तावेज तथा अन्य सामग्री बरामद करने के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार छापेमारी में एक देशी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, 16 लाख 71 हजार 500 रुपये भारतीय मुद्रा, 16 हजार नेपाली मुद्रा, लगभग 466.11 ग्राम सोने के आभूषण तथा 972 ग्राम चांदी के आभूषण एवं चांदी के बिस्कुट बरामद किए गए। इसके अलावा हस्ताक्षरयुक्त सादा स्टाम्प पेपर, हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक, जमीन से जुड़े दस्तावेज तथा 325 एमएल शराब भी जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान उज्जवल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी नरेश पांडेय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि नरेश पांडेय के विरुद्ध पहले से छतौनी थाना में 13, नगर थाना मोतिहारी में 2, मुफस्सिल थाना में 2 और पीपराकोठी थाना में 1 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार उज्जवल कुमार के खिलाफ भी छतौनी थाना में तीन आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित