मुंगेर, फरवरी 18 -- कुख्यात नक्सली सुरेश कोड़ा के आत्म समर्पण के साथ ही बुधवार को मुंगेर जिले के साथ पूरे बिहार को नक्सल मुक्त घोषित किया गया है।
मुंगेर प्रक्षेत्र के डी आई जी राकेश कुमार ने इसकी घोषणा की और बताया कि मुंगेर, लखीसराय और जमुई जिलों में दो दशकों तक सक्रिय नक्सली स्पेशल एरिया कमेटी के कमांडर और कुख्यात नक्सली सुरेश कोड़ा ने आज एक AK-47 असॉल्ट राइफल ,एक AK 56 असॉल्ट राइफल , दो इंसास राइफल और 505 सौ चक्र जिंदा कारतूस के आत्मसमर्पण कर दिया। इस अवसर पर डीआईजी श्री कुमार के साथ डीआईजी (एसटीएफ )संजय कुमार सिंह, जिला पदाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर,पुलिस अधीक्षक( एसटीएफ )अंजनी कुमार उपस्थित थे।
श्री कुमार ने कहा कि साठ आपराधिक कांडों में फरार सुरेश कोड़ा ने समाज की मुख्य धारा से जुड़ने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि सभी कांड वर्ष 2008 से वर्ष 2025 तक के दौरान मुंगेर ,लखीसराय और जमुई जिलों में दर्ज किए गए थे।
डीआईजी श्री कुमार ने कहा कि बिहार सरकार की आत्मसमर्पण नीति के तहत जिला प्रशासन की तरफ से आत्मसमर्पण करने वाले सभी व्यक्तियों को विशेष पैकेज दिया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित