भरतपुर , मई 08 -- राजस्थान-मध्यप्रदेश सीमा से सटे उटगिरी और हसनपुर की पहाड़ियों में कई घण्टों की मशक्कत के बाद राजस्थान में करौली के करणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मध्यप्रदेश के कुख्यात डकैत भवानी केवट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त घेराबंदी के बीच करीब चार घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद आरोपी भवानी केवट ने 315 बोर के अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस पुलिस को सौंपकर आत्मसमर्पण कर दिया। हत्या, डकैती, लूट और अवैध हथियार अधिनियम सहित कई गंभीर मामलों में वांछित भवानी केवट लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की घेराबंदी में खुद को घिरता देख आरोपी ने पीछा कर रहे लोगों को डराने के लिए हवा में दो गोलियां चलाई और जंगल की ओर भाग निकला। गले के कैंसर से पीड़ित इनामी बदमाश के लगातार भागने, भीषण गर्मी और प्यास के कारण उसकी हालत बिगड़ने लगी जिसके बाद वह पस्त हो गया और उसने हथियार डाल दिये।

भवानी केवट, निवासी कलरघटी, मध्यप्रदेश के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई थानों में हत्या, डकैती, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित