अलवर , अगस्त 08 -- राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रसनजीत उर्फ परा को जोधपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है।
आरोपी बहरोड़ के वार्ड नंबर 8 का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि प्रसनजीत 14 जुलाई 2025 को अलवर ओपन जेल से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जोधपुर जेल भेज दिया गया, जहां वह सजा भुगत रहा था।
अब अलवर के कोतवाली थाना पुलिस ने एक मामले में पूछताछ और आगे की जांच के लिए आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर जोधपुर जेल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित