धार , अगस्त 20 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के कुक्षी नगर के सुतार मोहल्ले में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक मकान में घुसकर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार के एक सदस्य पर जानलेवा हमला कर उसे घायल कर दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

मकान मालिक कैलाश मनावरिया के अनुसार, देर रात करीब दो बजे छह-सात अज्ञात हथियारबंद बदमाश पीछे की ओर से घर में दाखिल हुए। घर में घुसते ही बदमाशों ने परिवार के सदस्यों पर फलिया, तीर-कमान सहित अन्य हथियार तानकर उन्हें बंधक बना लिया और घर में चोरी करने लगे।

इसी दौरान परिवार के पुत्र प्रकाश मनावरिया ने बदमाशों का विरोध किया। इस पर प्रकाश और एक बदमाश के बीच संघर्ष हुआ, जिसमें प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

परिवार के अनुसार बदमाश सोने के आभूषण और नगदी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर कुक्षी थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली।

थाना प्रभारी श्री चौहान ने बताया कि सुतार मोहल्ले में हथियारबंद बदमाशों द्वारा मकान में घुसकर परिवार को बंधक बनाने की सूचना पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित