धार , मई 4 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के कुक्षी-सुसारी मार्ग पर देर रात्रि अज्ञात बदमाशों द्वारा खुद को आबकारी विभाग का अमला बताकर ट्रक चालक और उसके साथियों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में पीड़ित पक्ष ने थाने का घेराव कर धरना दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार रविवार रात करीब 12 बजे अनाज से भरे एक ट्रक को तीन बोलेरो वाहनों में सवार 20-25 लोगों ने रास्ते में रोक लिया। हमलावरों ने खुद को आबकारी चेकिंग दल का अधिकारी बताते हुए तलाशी लेने की बात कही। विरोध करने पर उन्होंने चालक और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। बताया गया कि हमलावरों की कुछ गाड़ियों पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। सूचना मिलने पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे, जिसके बाद अधिकांश आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने मौके से तीन बोलेरो वाहनों को जब्त कर लिया है।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए जयस संगठन के नेतृत्व में थाने के बाहर रातभर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग की। कुक्षी थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस ने जब्त वाहनों को थाने में खड़ा कर लिया है और शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित