बैतूल , जून 28 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार सुबह बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकुरू की प्राकृतिक वादियों में योगाभ्यास कर प्रदेशवासियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। रेस्ट हाउस परिसर में आयोजित योग सत्र में उन्होंने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।

मुख्यमंत्री ने योग सत्र के दौरान मयूरासन और शीर्षासन जैसे कठिन योगासनों का सहजता से प्रदर्शन किया, जो उपस्थित लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वक्रासन, भुजंगासन तथा शलभासन सहित अनेक योगासन स्थानीय ग्रामीणों और अधिकारियों के साथ सामूहिक रूप से किए। योगाभ्यास के दौरान नाड़ी शोधन, तितली तथा भ्रामरी प्राणायाम भी कराया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और जीवन के प्रति सकारात्मक बनाता है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने का आग्रह करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर होने के साथ बेहतर स्वास्थ्य का सरल माध्यम है।

कुकुरू की प्राकृतिक वादियों में आयोजित इस सामूहिक योग कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्यमंत्री ने सभी के साथ अनुशासन और एकाग्रता के साथ योगाभ्यास किया तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नियमित व्यायाम अपनाने का संदेश दिया।

योग सत्र में अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, वन मंडलाधिकारी लक्ष्मीकांत वासनिक, आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित