बैतूल , जून 19 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में स्थित प्राकृतिक पर्यटन स्थल कुकरू एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 28 जून को प्रस्तावित दौरे की संभावनाओं के बीच जिले में विकास और पर्यटन को लेकर नई उम्मीदें जग गई हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कुकरू क्षेत्र में पर्यटन और विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने संकेत दिए कि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा जिले के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है और इस दौरान कई अहम घोषणाएं सामने आ सकती हैं।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का भैंसदेही विकासखंड स्थित कुकरू में प्रवास प्रस्तावित है। उनके रात्रि विश्राम की संभावना भी जताई जा रही है। दौरे की संभावनाओं को देखते हुए प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। बताया जा रहा है कि व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जल्द ही कुकरू क्षेत्र का दौरा कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर सबसे अधिक चर्चा बैतूल नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा दिए जाने की संभावना पर हो रही है। लंबे समय से शहर के जनप्रतिनिधि और नागरिक इस मांग को उठाते रहे हैं। यदि मुख्यमंत्री इस संबंध में कोई घोषणा करते हैं तो इसे बैतूल के शहरी विकास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाएगा।
इसके अलावा कुकरू को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित करने की दिशा में भी घोषणाओं की उम्मीद की जा रही है। सतपुड़ा की पहाड़ियों के बीच स्थित यह क्षेत्र अपने मनोहारी प्राकृतिक सौंदर्य, हरियाली और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि आवश्यक बुनियादी सुविधाओं और पर्यटन अधोसंरचना के विकास से कुकरू प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में स्थान बना सकता है।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे ने जिले में राजनीतिक हलचल भी बढ़ा दी है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों और नागरिकों को उम्मीद है कि यह दौरा बैतूल के विकास को नई दिशा देगा। फिलहाल जिले की निगाहें प्रशासन द्वारा जारी किए जाने वाले आधिकारिक कार्यक्रम और मुख्यमंत्री की संभावित घोषणाओं पर टिकी हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित