बैतूल , जून 25 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की सतपुड़ा पर्वतमाला में स्थित कुकरु के दो दिवसीय दौरे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 27 और 28 जून को पहुंचेंगे। प्रशासन इस प्रवास को क्षेत्र के पर्यटन और रोजगार विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण मान रहा है।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान ग्रामीणों के बीच रात्रि चौपाल लगाएंगे, स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े सुझाव प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम के तहत किसी ग्रामीण परिवार के घर भोजन करने और दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के सामूहिक श्रवण में शामिल होने की भी संभावना है।

कुकरु अपनी प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और सुहावने मौसम के कारण लंबे समय से पर्यटकों को आकर्षित करता रहा है। समुद्र तल से लगभग 1137 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह क्षेत्र घने जंगलों, पहाड़ी दृश्यों और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। राज्य सरकार इसे संगठित पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है।

जिला प्रशासन के अनुसार कुकरु के समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान इस संबंध में महत्वपूर्ण चर्चा और संभावित घोषणाएं हो सकती हैं। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड क्षेत्र में होम स्टे और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना पर कार्य कर रहा है, जबकि इको टूरिज्म से जुड़े विकास प्रस्ताव भी तैयार किए जा रहे हैं।

प्रशासन का कहना है कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार में स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रस्तावित योजनाओं के तहत ग्रामीण परिवारों को होम स्टे संचालन से जोड़ने, युवाओं को पर्यटन गाइड, साहसिक गतिविधियों के प्रशिक्षक तथा अन्य सेवाओं में रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

कुकरु में पैराग्लाइडिंग, ट्रेकिंग, वैली क्रॉसिंग, रॉक क्लाइम्बिंग और बोटिंग जैसी साहसिक गतिविधियों की भी संभावनाएं हैं। पर्यटन विभाग इन गतिविधियों को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

क्षेत्र की एक अन्य विशेषता कॉफी उत्पादन है। वर्तमान में यहां लगभग 44 हेक्टेयर क्षेत्र में कॉफी की खेती की जा रही है। प्रशासन कॉफी बोर्ड के साथ समन्वय कर किसानों को इस खेती से जोड़ने तथा कॉफी आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी विचार कर रहा है।

मुख्यमंत्री रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर स्थानीय समस्याओं, आधारभूत सुविधाओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करेंगे। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस दौरे से क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं, सड़क संपर्क और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित