बैतूल , मई 24 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंबोरी में पांच दिन से लापता युवक का शव एक कुएं से बरामद किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान हरिभाऊ बिहारे (40) निवासी अंबोरी के रूप में हुई है। वह 19 मई से घर से लापता थे, जिसकी गुमशुदगी परिजनों ने मुलताई थाने में दर्ज कराई थी।
शनिवार शाम ग्रामीणों ने उनके घर से करीब 200 मीटर दूर बंडू लोखंडे के खेत स्थित कुएं में शव तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश कुमरे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा था। पुलिस मृत्यु के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित