भिण्ड , जुलाई 17 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के अटेर क्षेत्र में चंबल नदी के बीहड़ स्थित नावली वृंदावन गांव के पास एक अंधे कुएं में गिरने से तेंदुए और एक खच्चर की मौत हो गई। वन विभाग ने दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कराया।

वन विभाग के अनुसार दोनों जानवरों के शव करीब दो से तीन दिन तक कुएं में पड़े रहे। शुक्रवार को ग्रामीणों ने शव देखे और इसकी सूचना प्रशासन को दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

फॉरेस्ट रेंजर कृतिका शुक्ला ने बताया कि ग्रामीणों की सहायता से खच्चर के शव को कुएं से बाहर निकाला गया, जबकि गहरे कुएं में फंसे तेंदुए के शव को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।

ग्रामीणों का अनुमान है कि तेंदुआ शिकार की नीयत से खच्चर का पीछा कर रहा था। इसी दौरान दोनों अंधे कुएं में गिर गए और बाहर नहीं निकल सके, जिससे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, वन विभाग ने कहा कि तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

वन विभाग ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साथ ही क्षेत्र के खुले और अंधे कुओं का भी सर्वे कराया जाएगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित