हरिद्वार , सितंबर 15 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के साथ नगर की पेयजल व्यवस्था को भी दीर्घकालीन जरूरतों के अनुरूप मजबूत किया जा रहा है। कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली पेयजल मांग को पूरा करने के लिए मेला क्षेत्र में नई सुविधाएं विकसित करने के साथ ही शहर के मौजूदा जल वितरण नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जल संस्थान के माध्यम से हरिद्वार नगर में 9.69 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं।
इनमें 5.61 करोड़ रुपये की लागत से करीब 9.5 किलोमीटर नई पेयजल लाइनें बिछाने तथा पुरानी लाइनों के प्रतिस्थापन का कार्य प्रमुख है। सप्तऋषि रोड, दूधाधारी चौक से शांतिकुंज, ब्रह्मपुरी-मनसा देवी मार्ग, बिल्केश्वर कॉलोनी और कनखल में बंगाली हॉस्पिटल से कनखल थाना क्षेत्र तक पेयजल लाइनों का निर्माण एवं प्रतिस्थापन तेजी से किया जा रहा है। नई पाइपलाइनों के अस्तित्व में आने से संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था की क्षमता बढ़ने के साथ भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।
पंपिंग पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। भूपतवाला पावन धाम पंपिंग पेयजल आपूर्ति योजना का पुनर्गठन पूरा हो चुका है, जबकि प्राथमिक विद्यालय एवं श्यामलोक पंपिंग योजना का कार्य अंतिम चरण में है। पंपिंग योजनाओं की पाइपलाइनों के प्रतिस्थापन और वितरण पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी जारी है।
वहीं, कुंभ मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पेयजल मांग को पूरा करने के लिए उत्तराखंड पेयजल निगम की 29.39 करोड़ रुपये की लागत वाली 35 योजनाओं पर कार्य चल रहा है। बैरागी कैंप में 1500 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक और दो ट्यूबवेल का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। लालजीवाला, दक्षद्वीप, गौरीशंकर और पंतद्वीप में पांच आरसीसी इन्फिल्ट्रेशन वेल का निर्माण भी अंतिम चरण में है। इसके अलावा दक्षद्वीप, बजरीवाला, सतीद्वीप और बीएचईएल क्षेत्र में पांच ट्यूबवेल बनाए जा रहे हैं।
मेला क्षेत्र के सात स्थानों पर मिनी ट्यूबवेल विकसित करने और उनकी सफाई का कार्य भी जारी है। इसके साथ ही पहले से निर्मित 10 पेयजल योजनाओं की मरम्मत एवं रखरखाव का काम कराया जा रहा है, जिसे अगले माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मेला क्षेत्र से हरिद्वार शहर तक पेयजल आपूर्ति नेटवर्क को मजबूत करने के लिए एफजीआई पाइपलाइन के प्रतिस्थापन और राइजिंग मेन पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी प्रगति पर है। लालजीवाला इंटेक वेल से भूपतवाला स्थित पावन धाम ओवरहेड टैंक एवं सूखी नदी तक राइजिंग मेन और वितरण नेटवर्क के प्रतिस्थापन का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि संबंधित विभागों के साथ इन योजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का जोर अंतिम चरण में पहुंचे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के साथ निर्माणाधीन योजनाओं में निर्धारित गति बनाए रखने पर है। कुंभ मेला-2027 के लिए किए जा रहे इन कार्यों से जहां श्रद्धालुओं की पेयजल जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी, वहीं हरिद्वार नगर के स्थानीय नागरिकों को भी भविष्य में अधिक सक्षम और भरोसेमंद पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित