हरिद्वार , नवंबर, 01 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। रविवार को कोतवाली रानीपुर पुलिस ने गैस प्लांट क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर, रामधाम कॉलोनी और सुमननगर में सघन अभियान चलाकर बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू नौकरों और मजदूरों के दस्तावेजों की जांच की।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कुल 115 किरायेदारों, मजदूरों और घरेलू नौकरों का सत्यापन किया। वहीं बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार और घरेलू नौकर रखने पर पांच मकान मालिकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत 50 हजार रुपये के कोर्ट चालान किए गए।
इसके अलावा बिना सत्यापन के क्षेत्र में घूम रहे आठ बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत कुल दो हजार रुपये के नकद चालान किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित