हरिद्वार , अक्टूबर, 15 -- त्तराखंड में हरिद्वार कुंभ-2027 के भव्य और सुरक्षित आयोजन को लेकर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और प्रभावी भीड़ प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

सतपाल महाराज ने कहा कि कुंभ में संभावित श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पिछले आयोजनों के अनुभवों के आधार पर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाए। बसों और ट्रेनों के संचालन की ठोस व्यवस्था बनाने के साथ उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन की जानकारी समय रहते मिल सके। भीड़भाड़ वाले दिनों में भगदड़ जैसी घटनाओं की आशंका रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के वैकल्पिक मार्ग तैयार रखने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने पर्याप्त पार्किंग स्थल और अस्थायी बस अड्डे विकसित करने के साथ वहां से प्रमुख घाटों तक शटल बस सेवाएं संचालित करने के निर्देश दिए। कुंभ क्षेत्र की सड़कों, मंदिरों और घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुचारु रखने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधीन सड़कों की स्थिति सुधारने को कहा। सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की जांच और रोप-वे की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

कैबिनेट मंत्री ने प्रमुख घाटों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और महत्वपूर्ण आवागमन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पूर्व तैयारी रखने को कहा। घाटों पर सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने के साथ वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के लिए रैंप तथा पर्याप्त चेंजिंग रूम उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों, एंबुलेंस, दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और चिकित्साकर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी मानक संचालन प्रक्रिया तैयार कर उसका अनुपालन कराने को कहा गया।

सतपाल महाराज ने मेला क्षेत्र में कूड़ा प्रबंधन, सीवरेज निस्तारण और साफ-सुथरे शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शौचालयों की नियमित सफाई तथा पूरे क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पेयजल आपूर्ति की नियमित निगरानी, पानी की टंकियों की समय पर सफाई और जल की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान विद्युत आपूर्ति और दूरसंचार सेवाएं निर्बाध बनी रहनी चाहिए। हरिद्वार के प्रमुख मंदिरों, पुलों और घाटों को आकर्षक स्वरूप देने के लिए सजावट, फसाड सुधार और प्रकाश व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ-2027 उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। साधु-संतों की शोभायात्राओं के दौरान स्वागत, अभिनंदन और पुष्पवर्षा की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ-2027 की तैयारियों और विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिकांश कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप आगे बढ़ रहे हैं। पुलों, घाटों और सड़कों से संबंधित प्रमुख परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है तथा कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाकर समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। देहरादून, पौड़ी और टिहरी के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित