हरिद्वार , अक्टूबर 22 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने स्थायी निर्माण कार्यों के साथ अस्थायी व्यवस्थाओं को भी गति दी है। मेला क्षेत्र में शिविर स्थलों के समतलीकरण, अस्थायी सड़कों, बिजली, पेयजल, बस अड्डों और पार्किंग स्थलों को विकसित करने का काम तेज किया जा रहा है। इसी कड़ी में मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, हरिद्वार बाईपास और राष्ट्रीय राजमार्ग-74 के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और कुंभ से पहले हरिद्वार बाईपास को यातायात के लिए चालू करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप और दक्षद्वीप में कुंभ शिविरों के लिए निर्धारित भूमि पर चल रहे समतलीकरण एवं अन्य तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर स्थलों को समय से तैयार करने के साथ बिजली, पेयजल और संपर्क मार्गों जैसी आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और अन्य आगंतुकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

दक्षद्वीप में प्रस्तावित अस्थायी बस अड्डे का निर्माण शीघ्र पूरा करने पर जोर देते हुए मेलाधिकारी ने आवागमन के मार्गों को सुचारू बनाए रखने और वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने हद्दीपुर में प्रस्तावित पार्किंग स्थल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए वहां तक पहुंचने वाले मार्गों और पुलों से संबंधित कार्यों को भी शीघ्र पूरा कराने को कहा।

इसके बाद मेलाधिकारी ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की हरिद्वार बाईपास परियोजना के फ्लाईओवर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने एनएच-74 पर चिड़ियापुर तक मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे करने के निर्देश दिए। अंजनी चौकी के निकट प्वाइंट 4.2 पर बाईपास के अंतिम सिरे को शीघ्र व्यवस्थित करने और आवश्यक साइनेज लगाने को भी कहा, जिससे वाहन चालकों को मार्ग की स्पष्ट जानकारी मिल सके और यातायात सुचारू रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित