हरिद्वार , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कार्यों में तेजी लायी है।
इसी कड़ी में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने गुरुवार को विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेद निकेतन घाट का निरीक्षण करते हुए घाट के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा प्रबंधों तथा निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण हों।
इसके उपरांत अपर मेलाधिकारी ने खड़खड़ी श्मशान घाट पहुंचकर प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेला मद से यहां आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, घाट एवं शवदाह प्लेटफॉर्म के बढ़ोत्तरी, चिमनियों की ऊंचाई में वृद्धि तथा गैस आधारित शवदाह चैम्बर के निर्माण जैसे कार्य प्रस्तावित हैं। इस पर अपर मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों को विस्तृत आगणन शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खड़खड़ी क्षेत्र में सूखी नदी पर निर्माणाधीन दो लेन स्टील पुल का भी जायजा लिया गया। अपर मेलाधिकारी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना की स्पष्ट समयसीमा तय कर 31 अक्टूबर तक हर हाल में कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।
अपर मेलाधिकारी ने इस दौरान स्थानीय नागरिकों एवं श्मशान सेवा समिति के पदाधिकारियों से भी संवाद कर सुझाव लिये गये।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी प्रकोष्ठ के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग एवं ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित