हरिद्वार , मार्च 10 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला की तैयारियों के तहत मेला प्रशासन ने कुंभ क्षेत्र के पौराणिक और ऐतिहासिक स्थलों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रसिद्ध भीमगोडा कुंड के सौंदर्यीकरण के लिए अपर मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती ने तकनीकी टीम के साथ स्थल का निरीक्षण किया और विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान कुंड में प्राचीन जल स्रोत से पानी की आपूर्ति, जल निकासी की समुचित व्यवस्था, संरचनात्मक सुधार और समग्र सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान स्थानीय पार्षद सुमित चौधरी और क्षेत्र के नागरिकों से भी सुझाव लिए गए, ताकि विकास कार्य स्थानीय परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं के अनुरूप किए जा सकें।

अपर मेलाधिकारी सरस्वती ने बताया कि कुंड की पौराणिक पहचान और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए इसे अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनाया जाएगा। कुंड में स्वच्छ जल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्राचीन जल स्रोत से आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी, वहीं जल निकासी के लिए भी बेहतर प्रबंध किए जाएंगे।

योजना के तहत कुंड के चारों ओर सुंदर पार्क विकसित किया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं के बैठने के लिए पर्याप्त बेंच लगाई जाएंगी। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर मजबूत रेलिंग, सुरक्षित मार्ग और समुचित प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित