हरिद्वार , मार्च 13 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले को देखते हुए कुंभ क्षेत्र के साथ ही नजदीकी रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने और आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दिशा में शुक्रवार से मेला प्रशासन ने रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न स्टेशनों पर प्रस्तावित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मुहिम शुरू कर दी है, ताकि मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिल सके।
इसी कड़ी में अपर मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती ने आज मोतीचूर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं, आधारभूत ढांचे तथा कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया और रेलवे अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
अपर मेलाधिकारी ने रेलवे अधिकारियों से कहा कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाए। उन्होंने प्लेटफार्म के सुदृढ़ीकरण, यात्रियों के ठहरने और बैठने की समुचित व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों का बेहतर प्रबंधन, पर्याप्त पेयजल उपलब्धता, शौचालयों की संख्या बढ़ाने और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित