हरिद्वार , मई, 29 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में विश्व प्रसिद्ध कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी ला दी है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सड़कों, पुलों और अन्य अवस्थापना परियोजनाओं पर युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार स्थलीय निरीक्षण किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ भूपतवाला-सप्तसरोवर क्षेत्र का निरीक्षण कर आंतरिक सड़कों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सड़क मरम्मत एवं सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेले को देखते हुए क्षेत्र की सड़कों का सुधार मेला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि मेलाधिकारी सोनिका भी पूर्व में कई बार क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय समस्याओं का अध्ययन कर चुकी हैं और सड़क सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने भारत माता मंदिर को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाले मार्ग के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग और नगर निगम को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसका समय पर निर्माण आवश्यक है।

अपर मेलाधिकारी ने क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नालियों की नियमित सफाई कराने तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित