हरिद्वार , मार्च 25 -- उत्तराखंड के हरिद्वारा में कुंभ मेला-2027 में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ ड्यूटी पर आने वाले पुलिसकर्मियों और अग्निशमन कर्मचारियों की सुविधाओं पर प्रशासन ने विशेष ध्यान दिया है। मेला के दौरान तैनात सुरक्षा एवं आपातकालीन कर्मियों के लिए बेहतर आवासीय सुविधा प्रदान करने हेतु स्थायी बैरकों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है।
रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में महिला पुलिसकर्मियों के लिए 100 बेड क्षमता की बैरक का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा, स्वच्छता और आधुनिक सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। इसके अलावा ऋषिकेश स्थित भद्रकाली पुलिस चौकी में भी पुलिसकर्मियों के लिए बैरक का निर्माण चल रहा है।
हरिद्वार में पुलिसकर्मियों के लिए 300 बेड क्षमता वाली बड़ी बैरक बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। अग्निशमन कर्मियों के लिए अलग बैरकों का निर्माण भी योजना में शामिल है, ताकि आपातकालीन सेवाओं में लगे कर्मचारियों को बेहतर सुविधा मिल सके। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद कुंभ मेला, कांवड़ मेला और अन्य प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान अन्य जिलों एवं राज्यों से आने वाले सुरक्षा कर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी।
बैरकों के लिए उपयुक्त स्थान के चयन की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में मेलाधिकारी के निर्देशानुसार अपर मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप स्थित घोड़ा पुलिस लाइन और मायापुर स्थित फायर स्टेशन परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण में अधिकारियों ने उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग, यातायात की सुगमता और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का मूल्यांकन किया। अपर मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बैरकों के लिए ऐसे स्थल का चयन किया जाए, जहां पर्याप्त जगह हो और मेला क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले केंद्रों तक कम समय में पहुंचा जा सके।
बुधवार को अपर मेलाधिकारी ने बताया कि स्थलों के संबंध में रिपोर्ट मेलाधिकारी को प्रस्तुत कर अंतिम स्वीकृति के लिए शासन को भेजी जाएगी, ताकि निर्माण कार्य समय से पूरा हो सके।
निरीक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी, मेला कार्यालय के तकनीकी प्रकोष्ठ के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग और पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित