भरतपुर , अगस्त 30 -- राजस्थान में धौलपुर जिले के आंगई थाना क्षेत्र में बिरजा गांव के पास रविवार को भाई को बचाने के लिए कुंड में कूदी तीन बहनों सहित चार भाई-बहनों की डूबने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रवि (21) अपनी सगी बहन मनोरमा (22), बोटो (25) और चचेरी बहन कल्लो (18) के साथ शनिवार रात बिरजा में हीरामन बाबा के मंदिर आया था। रविवार को चारों हीरामन कुंड पहुंचे। रवि नहाने के लिए कुंड में उतरा तो डूबने लगा। उसकी तीनों बहनें भी पास में नहा रही थीं। रवि को डूबता देखकर तीनों उसे बचाने के लिए कुंड में कूद गईं। पानी गहरा होने के कारण वे भी डूब गईं।

ग्रामीणों ने तीनों बहनों को कुंड से निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के करीब छह घंटे बाद रवि का शव बाहर निकाला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित