पौड़ी/श्रीनगर, मई 04 -- उत्तराखंड के पौड़ी में कीर्तिनगर पुल क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला ने पुल से अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और व्यापक स्तर पर बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार महिला की पहचान जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलकेदार क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

एसडीआरएफ निरीक्षक मंजरी नेगी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने महिला को नदी में काफी दूर तक बहते हुए देखा था। इसी आधार पर टीम ने संभावित स्थानों को चिन्हित कर अलग-अलग हिस्सों में बचाव अभियान शुरू किया है। नदी का तेज बहाव बचाव अभियान में चुनौती बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित