नयी दिल्ली , जुलाई 18 -- कीमती धातुओं की संगठित तस्करी के विरुद्ध अभियान में एक बड़ी सफलता दर्ज करते हुए केंद्रीय एजेंसी राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने एक देश व्यापी अभियान में विदेशों से चोरी-छुपे लाया गया कुल 22 करोड़ रुपये के अनुमानित मूल्य का 15 किलोग्राम सोना, 20 किलोग्राम चांदी तथा तथा 2.20 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की है।

वित्त मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इन मामलों में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

विज्ञप्ति के अनुसार डीआरआई के अधिकायों की टीम ने शुक्रवार को नई दिल्ली में कीमती धातुओं की तस्करी और बेहिसाब नकदी के लेन-देन में लगे एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।इस दौरान लगभग 5 किलोग्राम सोना, 20 किलोग्राम चांदी पकड़ी गयी जिनका कुल अनुमानित मूल्य लगभग 7.37 करोड़ रुपये है। इस अभियान में 2.20 करोड़ रुपये की नकदी की बरामद की गयी जो कथित तौर पर तस्करी के माल की बिक्री से प्राप्त थी।

इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

इससे पहले डीआरआई की टीम ने 15-16 जुलाई को राजधानी में इंदिरा गांधी अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक किलोग्राम सोना बरामद किया गया। खुफिया सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर बागडोगरा से आए एक भारतीय यात्री को रोक कर उसके सामान की जांच की। जांच में अटैची में धातु फ्रेम की रॉडों के भीतर बेहद चतुराई से छिपाकर रखा गया लगभग 1 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1.35 करोड़ रुपये है। यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।

डीआरआई ने 15-16 जुलाई को ही एक अन्य खुफिया अभियान में डीआरआई ने मुंबई हवाई अड्डे के रास्ते संचालित सोने की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया और लगभग 5 किलोग्राम 24 कैरेट सोने की धूल (वैक्स के रूप में) जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 7.50 करोड़ बतायी गयी है।

यह सोना तीन विदेशी नागरिकों द्वारा मुंबई हवाई अड्डे से ट्रांजिट के दौरान तस्करी कर लाया जा रहा था। सोने की धूल को वैक्स के रूप में उनके अंतर्वस्त्रों में बेहद चतुराई से छिपाया गया था और ट्रांजिट के दौरान भ्रष्ट हवाई अड्डा कर्मचारियों के एक नेटवर्क की मदद से बाहर निकालने की योजना बनाई गई थी।

डीआरआई अधिकारियों ने इस अवैध कार्य में शामिल हवाई अड्डे के तीन कर्मचारियों को भी गिरफ्तार किया। इस प्रकार इस मामले में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एक बार फिर इस बात को उजागर करती है कि कुछ भ्रष्ट हवाई अड्डा कर्मचारी सोने की तस्करी को बढ़ावा देने में अंदरूनी सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

डीआरआई ने 15 और 16 जुलाई को ही दो अलग अलग अभियान में पश्चिम बंगाल में 4 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त किया। अधिकारियों ने बिधाननगर और बर्धमान में दो वाहनों को रोक कर तलाशी ली जिनमें विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त खानों में छिपाकर रखे गए विदेशी मूल के 32 सोने के बिस्कुट बरामद किए गए, जिनका कुल वजन लगभग 4 किलोग्राम था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित