मुंबई , अक्टूबर 23 -- टेलीविजन अभिनेता मुकुल हरीश ने धारावाहिक 'पुष्पा इम्पॉसिबल' में कीचड़ भरे मैनहोल के दृश्य की शूटिंग को अपने सबसे चुनौतीपूर्ण और यादगार अनुभवों में से एक बताया है। मुकुल हरीश ने कहा कि शूटिंग के बाद शरीर से कीचड़ हटाने के लिए उन्हें लगभग चार घंटे तक शॉवर में बिताने पड़े।

सोनी सब के धारावाहिक 'पुष्पा इम्पॉसिबल' में पुष्पा (करुणा पांडे) और टाइगर (मुकुल हरीश) को हाल ही में पता चला है कि वे मां-बेटे हैं। इसके बाद दोनों के रिश्ते में नया मोड़ आया है और वे एक-दूसरे को समझने की कोशिश कर रहे हैं।

आगामी एपिसोड में टाइगर एक मैनहोल में गिरी बच्ची को बचाने के लिए उसमें कूद जाता है। इस दृश्य की शूटिंग मुकुल के लिए शारीरिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण रही। उन्हें सिर से पैर तक कीचड़ में सना रहना पड़ा, जिससे उनका लुक बेहद वास्तविक हो गया।

टाइगर की भूमिका निभा रहे मुकुल हरीश ने कहा, "यह मेरे द्वारा शूट किए गए सबसे शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण और यादगार दृश्यों में से एक था। मुझे एक बच्चे को बचाने के लिए मैनहोल के अंदर उतरना पड़ा और दृश्य के अंत तक मैं सिर से पैर तक कीचड़ में सना हुआ था। मेरा लुक इतना वास्तविक लग रहा था कि सेट पर मौजूद लोग भी मुझे पहचान नहीं पा रहे थे।"उन्होंने कहा, "असली संघर्ष तो शॉट खत्म होने के बाद शुरू हुआ, जब मुझे अपने शरीर से सारा कीचड़ साफ करने के लिए लगभग चार घंटे शॉवर में बिताने पड़े। एक कलाकार के तौर पर ऐसे अनुभव आपको अपने सहज दायरे से बाहर निकलने के लिए प्रेरित करते हैं और आपके सफर को रोमांचक बनाते हैं। यह चुनौतीपूर्ण शूट था, लेकिन इसे मैं हमेशा याद रखूंगा।"धारावाहिक 'पुष्पा इम्पॉसिबल' का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात साढ़े नौ बजे होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित