कपूरथला , जुलाई 16 -- पंजाब में कपूरथला जिले के भुलत्थ उपमंडल के गांव नंगल लुबाना में कीचड़ का पानी कपड़ों पर पड़ने को लेकर हुए मामूली विवाद में चार युवकों ने कथित तौर पर धारदार हथियारों से हमला कर 38 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बेगोवाल थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार किसान भजन सिंह ने बताया कि उनका बेटा गुरमीत सिंह (38) बुधवार रात करीब आठ बजे अपने भतीजे हरप्रीत सिंह के साथ घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान एक काली मारुति सुजुकी ब्रेज़ा पानी से भरी सड़क से तेज गति से गुजरी, जिससे कीचड़ का पानी गुरमीत के कपड़ों पर पड़ गया।
इस पर गुरमीत ने वाहन रोक लिया। शिकायत के अनुसार चालक समीर उर्फ सैम और उसके साथ बैठा सतविंदरजीत सिंह उर्फ गौरव बाहर आये और गुरमीत से कहासुनी के बाद उसे धमकी देकर चले गये। करीब एक घंटे बाद रात लगभग नौ बजे गुरमीत, उसके पिता भजन सिंह और भतीजा मुंडी रोड अड्डा के पास थे। भजन सिंह के अनुसार वह घर लौट गये, जबकि गुरमीत और हरप्रीत सिंचाई इंजन के लिए पेट्रोल लेने गये। इसी दौरान वही ब्रेज़ा कार चार युवकों के साथ मौके पर पहुंची।
आरोप है कि तीन युवक धारदार हथियारों से लैस थे, जबकि चौथा युवक ईंट-पत्थर लेकर आया था।
प्राथमिकी के मुताबिक चारों आरोपियों ने गुरमीत सिंह को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हरप्रीत सिंह ने घटना की सूचना भजन सिंह को दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो आरोपियों को गुरमीत पर हमला करते देखा। शोर मचाने पर आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गये। गंभीर रूप से घायल गुरमीत सिंह को पहले बेगोवाल के एक निजी अस्पताल और बाद में भुलत्थ सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे जालंधर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर समीर उर्फ सैम, सतविंदरजीत सिंह उर्फ गौरव, मनजोत सिंह उर्फ मनु और जसविंदर सिंह उर्फ करण के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस उपाधीक्षक गगनदीप सिंह ने गुरुवार को पुष्टि की कि चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित