लखनऊ/अयोध्या , जून 30 -- अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाने वाले उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की पत्नी रीना राय ने आरोप लगाया कि सरकार उनके पति की आवाज दबाने के लिए किसी भी हद तक गिरने को तैयार है जबकि प्रशासन उनके सहयोगियों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।

रीना राय ने जारी बयान में कहा कि पुलिस द्वारा अजय राय को जीप में ले जाने के बाद उनके सहयोगियों को अलग-अलग जानकारियां देकर भटकाया जा रहा है। उनके अनुसार, प्रशासन की ओर से भ्रम की स्थिति पैदा कर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाने की लड़ाई जारी रहेगी और इस मामले को दबाया नहीं जा सकता। रीना राय ने आरोप लगाया कि उनके पति भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

श्रीमती राय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके पति को किसी प्रकार की क्षति पहुंचती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी। उन्होंने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का आरोप भी लगाया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पिछले कुछ दिनों से अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप उठा रहे हैं। इस मुद्दे पर उन्होंने प्रदर्शन और प्रेस वार्ता भी की है। कांग्रेस का आरोप है कि उन्हें हिरासत में लिया गया, जबकि भाजपा इन आरोपों को निराधार बताते हुए कह रही है कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए मंदिर को विवाद में घसीट रही है।

रीना राय के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है। मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं, जबकि चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर राजनीतिक बहस जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित