भिण्ड , मार्च 8 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजीव गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय अस्मिता खेल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं का उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुटुम्ब न्यायालय के न्यायाधीश दिलीप गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के संघर्ष, साहस और उनकी असीम क्षमताओं को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज की धुरी नारी है और आज महिलाएं घर की चारदीवारी से निकलकर न्यायपालिका, प्रशासन, शिक्षा और रक्षा सहित हर क्षेत्र में अपनी योग्यता सिद्ध कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आकलन वहां की महिलाओं की स्थिति से किया जा सकता है। समाज में ऐसा माहौल बनाना होगा, जहां महिलाओं को अपनी क्षमता साबित करने के लिए संघर्ष न करना पड़े। शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से ही समाज की रूढ़िवादी सोच को बदला जा सकता है।

इस अवसर पर कुटुम्ब न्यायालय के न्यायाधीश दिलीप गुप्ता और एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस जिला स्तरीय खेल कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा माय भारत के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वास्थ्य एवं फिटनेस संस्कृति को प्रोत्साहित करना और खेलों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

कार्यक्रम के दौरान एथलेटिक्स की 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में छात्राओं और महिलाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर एसडीओपी रविंद्र वास्कले, महिला एवं बाल विकास अधिकारी अंजू तोमर, रामबाबू कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित