श्रीगंगानगर , अप्रैल 07 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में अखिल भारतीय किसान सभा ने आज सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की बाध्यता ख़त्म करने, स्लॉट सिस्टम की बजाय पुराने पैटर्न पर खरीद करने, बारदाना की आपूर्ति करने, ओलावृष्टि व अतिवृष्टि से हुए फ़सल खराबे का विशेष गिरदावरी कराकर मुआवजा देने, बकाया फसल बीमा क्लेम का भुगतान करने आदि मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर धरना आयोजित किया।

किसान सभा ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

किसान सभा के जिला महासचिव कॉमरेड रविंद्र तरखान ने कहा कि एमएसपी पर फसलों की खरीद में नए नीति नियमों को थोपकर सरकार किसानों को परेशान कर रही है। सरकार द्वारा स्लॉट सिस्टम को लागू करने से श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले में किसान गेहूं का एमएसपी पर गेहूं बेच ही नहीं पाएगा।

एमएसपी पर प्रत्येक फसल की दाने दाने की खरीद की मांग करते हुए श्री तरखान ने कहा श्रीगंगानगर जिले में किसान सभा आंदोलन को तेज़ करेगी। सरकार की किसान विरोधी नीतियों को किसी सूरत में सहन नहीं किया जायेगा।

किसान सभा की केंद्रीय कमेटी सदस्य गुरचरणसिंह मोड़ ने कहा कि गत दिनों ओलावृष्टि एवं अतिवृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। प्रदेश सरकार को किसानों को मुआवजा देना चाहिए। जिला प्रशासन विशेष गिरदावरी कराकर वास्तविक खराबे का आंकलन भी करे। उन्होंने बकाया फ़सल बीमा क्लेम का भुगतान करने के लिए बीमा कंपनी को पाबंद करने की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित