बांदा , जून 24 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में कृषि विभाग ने बुधवार को जलवायु परिवर्तन , खेती की बढ़ती कृषि लागत और कुपोषण संबंधी चुनौतियों को देखते हुए अपील की है कि बेहतर उत्पादन के लिए किसान श्री अन्न , दलहन व तिलहन की फसल अधिक से क्षेत्रफल में तैयार करें। कृषि उपनिदेशक डॉ ए के एस यादव ने कहा है कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार लगातार श्री अन्न और दलहन व तिलहन की फसलों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है, जिसके लिए कृषि विभाग द्वारा छूट में उनके बीजों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
डा यादव ने कहा कि किसान मौसम के अनुसार श्री अन्न, दलहन व तिलहन फसलों की बुवाई अधिक से अधिक क्षेत्रफल में करें। श्री अन्न की फसलों को कम पानी ,कम लागत और प्रतिकूल मौसम में भी उगाया जा सकता है। इसका उत्पादन भी बेहतर होता है। इसमें कैल्शियम, आयरन, जिंक और प्रोटीन जैसे पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में मौजूद रहते हैं। जो कुपोषण और एनीमिया जैसे समस्याओं के बचाव में सहायक होते हैं।
उन्होंने कहा कि विभागीय पोर्टल में पंजीकृत किसान ऑनलाइन बुकिंग कर कृषि विभाग से उनकी उन्नतशील बीज प्राप्त कर सकते हैं। फिलहाल श्री अन्न के ज्वार 984, बाजरा 2553, रागी 873, कोदो 392, कुटनी 04, काकुन 24, सावा 553 पैकेट और दलहनी फैसले अरहर 5972, उर्द 127, मूंग 32, एवं तिल 6434 पैकेट बीज मिनी किट एवं 50% अनुदान पर दलहन , तिलहन और धान के बीज कृषि विभाग में उपलब्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित