यमुनानगर , सितंबर 28 -- हरियाणा के यमुनानगर में चार अक्टूबर को होने वाली किसान महापंचायत को लेकर भारतीय किसान यूनियन की जिला कमेटी की विशेष बैठक सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस जगाधरी में हुई। बैठक की अध्यक्षता दीप राणा नम्बरदार ने की।
जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि जिला सदस्यों और ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक में महापंचायत की तैयारियों का जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि यह महापंचायत ऐतिहासिक होगी और किसानों का भविष्य तय करेगी। इस महापंचायत में देश के बड़े किसान नेता राकेश टिकैत, राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह और प्रदेश अध्यक्ष रतन मान सहित अनेक किसान नेता शामिल होंगे।
जिला अध्यक्ष गुर्जर ने बताया कि जिले में संगठन के सभी पदाधिकारी प्रचार-प्रसार में जुटे हैं और किसानों में भारी उत्साह है। महापंचायत में बैठने की व्यवस्था, चाय-पानी, खाने और जलेबी के भोज का प्रबंध किया गया है। किसानों के मनोरंजन के लिए हरियाणवी गायकों को भी बुलाया गया है। उन्होंने सभी किसानों से अपने ट्रैक्टर लेकर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने और अपनी फसल व नस्ल बचाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बैठक में गन्ने के रेट, अमेरिका ट्रेड डील और मंडियों में धान बेचने में आ रही दिक्कतों सहित किसानों से जुड़े मुद्दों पर कड़े फैसले लिए जाएंगे।
इस अवसर पर यादविंदर कांबोज, नरेश मोहड़ी, मानसिंह मुजाफत, सरदार सुखदेव सिंह टिब्बी, दिलबाग ताहरपुर, सुभाष शर्मा, राहुल संधाए, जगतार रानीपुर, हरपाल सूडल सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित