जांजगीर-चांपा , जून 02 -- ) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में खाद की कालाबाजारी के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1446 बोरी रासायनिक उर्वरक जब्त कर एक कृषि केंद्र के गोदाम को सीलबंद कर दिया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने स्वयं किसान बनकर जिले के एक उर्वरक विक्रेता के यहां औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेसर्स नानकचंद नंदकिशोर कृषि केंद्र के संचालक ने उन्हें किसान समझकर 266.50 रुपये मूल्य की यूरिया की एक बोरी 850 रुपये में बेच दी। शिकायत सही पाए जाने पर उप संचालक कृषि ने तत्काल उर्वरक निरीक्षकों की टीम को मौके पर बुलाकर कार्रवाई शुरू कराई।
जांच में उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण में अनियमितता तथा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री की पुष्टि होने पर उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश-1985 के तहत प्रतिष्ठान के गोदाम में रखे 1141 बोरी यूरिया, 252 बोरी एसएसपी, 33 बोरी डीएपी तथा 20 बोरी एमओपी सहित कुल 1446 बोरी रासायनिक उर्वरक जब्त कर गोदाम को सीलबंद कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित