गोपालगंज,30अक्टूबर(वार्ता)खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान अधिप्राप्ति कार्य की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने किसान निबंधन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कार्रवाई की है। पूर्व निर्धारित 50 हजार किसानों के निबंधन लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने एवं शिथिलता बरतने पर सिधवलिया एवं बैकुण्ठपुर के प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों का वेतन अवरूद्ध करने तथा स्पष्टीकरण का निर्देश जिला सहकारिता पदाधिकारी को दिया गया है।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को किसान निबंधन में तेजी लाने के निर्देश दिये ,जिससे सभी योग्य किसानों को धान अधिप्राप्ति का लाभ मिल सके।
उल्लेखनीय है कि जिले में धान अधिप्राप्ति के लिए प्रखंडवार 174 समितियों का चयन किया गया है। वहीं, संयुक्त जांच में मछागर लछीराम राम पैक्स (हथुआ) एवं बेलही खास पैक्स (कटेया) के गोदामों में भंडारित धान की मात्रा में कमी पाए जाने पर संबंधित पैक्स पदाधिकारियों एवं सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये। इसके अतिरिक्त, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में शत-प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति नहीं करने वाली समितियों को विस्तारित समय-सीमा 10 नवंबर 2026 तक आपूर्ति पूर्ण करने के भी निर्देश दिये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित