श्रीगंगानगर , जून 05 -- राजस्थान में संयुक्त किसान मोर्चा एवं किसान संगठनों के आह्वान पर शनिवार को श्रीगंगानगर में गेहूं की सरकारी खरीद को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन जाएगा।
क्रय-विक्रय सहकारी समिति रायसिंहनगर के अध्यक्ष एवं कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राकेश ठोलिया ने शुक्रवार को बताया कि अब तक क्षेत्र के 40 से 50 प्रतिशत गेहूं की खरीद समर्थन मूल्य पर होना शेष है, लेकिन सरकार द्वारा लगातार खरीद के लक्ष्य घटाये जा रहे हैं। यह किसानों के हितों के खिलाफ है।
उन्होंने बताया कि गेहूं की सम्पूर्ण ख़रीद की मांग को लेकर पूर्वाह्न 10 बजे श्रीगंगानगर के गुरुद्वारा सिंह सभा में किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है। बैठक के बाद किसान जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेंगे और सरकार से खरीद लक्ष्य बढ़ाने एवं सभी किसानों की गेहूं न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने की मांग करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित