वाराणसी , सितंबर 23 -- मुख्यमंत्री किसान समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को कमिश्नरी सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभागार में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और किसानों ने देखा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि देश की खुशहाली का रास्ता किसानों की संपन्नता से होकर गुजरता है। उन्होंने सहकारिता को सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इसे हर हाथ और हर घर तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने किसानों को छह प्रतिशत ब्याज दर पर छह लाख रुपये तक दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराने तथा सहकारी टैक्सी सेवा शुरू करने के निर्णय को महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला सहकारी फेडरेशन (डीसीएफ) के अध्यक्ष राकेश सिंह अलगू को बधाई दी।

जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने सहकारिता और किसानों की उन्नति के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान एमएलसी धर्मेंद्र राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया और जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुजीत सिंह ने भी विचार व्यक्त किए।

संयुक्त आयुक्त सोमी सिंह समेत अन्य अतिथियों ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के बाद श्री विश्वकर्मा ने भारत टैक्सी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संचालन एडीसीओ मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित