जगदलपुर , जून 21 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में स्थित नगरनार थाना पुलिस ने एक किसान के नाम पर फर्जी तरीके से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण स्वीकृत कराकर साढ़े आठ लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार आरोपी लकी सेठिया ने किसान गणपति बघेल का बैंक खाता खुलवाकर उसमें अपना मोबाइल नंबर लिंक करा दिया। इसके बाद किसान के नाम पर दस लाख रुपये का केसीसी रिण स्वीकृत कराया गया। आरोपी ने किसान को केवल 1.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत होने की जानकारी दी और शेष राशि अपने कब्जे में रख ली।

मामले का खुलासा तब हुआ जब किसान को बैंक से ऋण संबंधी नोटिस प्राप्त हुआ। नोटिस के माध्यम से उसे पता चला कि उसके नाम पर दस लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है। इसके बाद किसान ने नगरनार थाना में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साक्ष्य एकत्र कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित