धार , जून 15 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की मनावर तहसील के ग्राम भग्यापुरा में रविवार देर रात हथियारों से लैस बदमाशों ने एक किसान के घर में घुसकर लूटपाट की। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी सहित लगभग 95 हजार रुपये का माल लूट लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम भग्यापुरा निवासी किसान दुधिया पिता किशन मुवेल के घर रविवार मध्य रात्रि चार अज्ञात बदमाश दीवार फांदकर घुस आए। बदमाश लाठी, फालिया और पत्थरों से लैस थे। घर में प्रवेश करते ही उन्होंने किसान दुधिया और उनकी पत्नी भूरीबाई पर हमला कर दिया तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित किसान ने बताया कि बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने के टॉप्स, दो अंगूठियां, एक चेन तथा चांदी के पायजेब निकाल लिए। इसके साथ ही नगदी भी लूट ली। घर में शोरगुल सुनकर जब किसान का बेटा राजेश मुवेल मौके पर पहुंचा और उसने लाइट चालू की, तो एक बदमाश ने उसके सीने पर पत्थर दे मारा। इसके बाद दूसरा बेटा लोकेश और पोता रोहित भी वहां पहुंच गए। बदमाशों ने उनके साथ भी लाठी और लात-घूसों से मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर मनावर थाना पुलिस सुबह मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से जानकारी लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मनावर थाना पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित