बैतूल , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई विकासखंड के सोंरा गांव की किसान परिवार की बेटी याशिका उर्फ बिट्टी गढ़ेकर ने पहले ही प्रयास में जेईई एडवांस 2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में प्रवेश प्राप्त किया है।
याशिका का चयन आईआईटी रुड़की के जियोलॉजिकल टेक्नोलॉजी विभाग में हुआ है। वह किसान सुरेश गढ़ेकर और गृहिणी शांति गढ़ेकर की पुत्री हैं। सीमित संसाधनों वाले परिवार से होने के बावजूद उन्होंने पहले ही प्रयास में जेईई एडवांस परीक्षा उत्तीर्ण कर यह उपलब्धि हासिल की है।
याशिका ने प्रारंभिक शिक्षा मुलताई के कोरेला पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ, जहां उन्होंने कक्षा 12वीं की परीक्षा 93.2 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और लक्ष्य के प्रति समर्पण को अपनी सफलता का आधार बताया।
अपनी सफलता पर याशिका ने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए निरंतर मेहनत, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया।
याशिका की सफलता पर गांव और क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान तक पहुंचना आसान नहीं होता, लेकिन याशिका ने यह साबित कर दिया कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर मेहनत से संसाधनों की कमी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित