कोंडागांव , जून 08 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के निर्देश पर जिला किसान कांग्रेस ने कोंडागांव में किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा।

संगठन ने किसानों को खाद उपलब्ध कराने, कृषि कार्य के लिए डीजल आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को दूर करने तथा धान खरीदी केंद्रों में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है।

किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हीरालाल नेताम ने कहा कि जिले में किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन द्वारा निर्धारित सीमित मात्रा में खाद वितरण से बेहतर उत्पादन प्रभावित हो सकता है। साथ ही खाद की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों के लिए डीजल की उपलब्धता भी किसानों के लिए समस्या बनी हुई है। जर्किन में डीजल नहीं मिलने के कारण किसानों को बार-बार ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंप जाना पड़ रहा है, जिससे समय और संसाधनों की अतिरिक्त खपत हो रही है।

ज्ञापन में धान खरीदी केंद्रों में हुए कथित घोटालों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो संगठन किसानों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित