पटना , सितंबर 21 -- िहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को किसानों से उर्वरक की उपलब्धता और वितरण को लेकर भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार राज्य में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ इसकी आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रही है।

श्री सिन्हा ने कहा कि किसानों को उनकी वास्तविक आवश्यकता और मिट्टी की जांच के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। उर्वरक की उपलब्धता और किसान पहचान पत्र (फार्मर आईडी) में दर्ज भूमि के रकबे को लेकर भी अनावश्यक भ्रम नहीं फैलाया जाना चाहिए। यदि किसी किसान को फार्मर आईडी में दर्ज भूमि के रकबे के कारण उर्वरक प्राप्त करने में परेशानी होती है तो वह कृषि विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1551 अथवा संबंधित विभागीय पदाधिकारी को इसकी सूचना दे सकता है।

कृषि मंत्री ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में उर्वरक की उपलब्धता में कमी है या किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में परेशानी हो रही है तो स्थान और समस्या का स्पष्ट विवरण विभाग को उपलब्ध कराया जाए, ताकि तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उर्वरक की आवश्यकता वाले किसी भी किसान को अनावश्यक रूप से परेशान होने की जरूरत नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित