बहराइच , अप्रैल 22 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में खैरीघाट थाना क्षेत्र के बैवाही चौकी अंतर्गत रामपुर धोबिया हार गांव के बाहर स्थित किसान इंटर कॉलेज परिसर में बुधवार सुबह एक अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान गांव निवासी बदलू पाल के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 15 दिनों से लापता बताए जा रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब सात बजे गांव के कुछ लोगों की नजर किसान इंटर कॉलेज परिसर में पड़े शव पर पड़ी। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे ग्रामीणों ने मृतक की पहचान बदलू पाल पुत्र रामचरन निवासी रामपुर धोबिया हार के रूप में की।
मृतक के भाई छोटे लाल ने बताया कि बदलू पाल पिछले करीब 15 दिनों से घर से लापता थे। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसके कारण वह अक्सर घर से निकलकर इधर-उधर भटकते रहते थे। परिजनों ने उनकी तलाश भी की थी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।
ग्रामीणों के अनुसार शव काफी समय पुराना प्रतीत हो रहा था और उसकी हालत बेहद खराब थी। शव के एक पैर का हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि किसी जंगली जानवर या आवारा पशु ने शव को नोच लिया होगा। शव की स्थिति देखकर मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही बैवाही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित