रूद्रपुर , जनवरी 12 -- उत्तराखंड में ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा किसान की आत्महत्या मामले में दो उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया है जबकि 10 को लाइन हाजिर कर दिया है।
श्री मिश्रा ने सोमवार को आईटीआई थाना के साथ ही पेगा चैकी पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की।
गौरतलब है कि ऊधम सिंह नगर जिले के पेगा निवासी किसान सुखवंत सिंह ने रविवार को नैनीताल से लौटते वक्त काठगोदाम थाना के अंतर्गत गौला पार स्थित एक होटल में गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।
आत्महत्या से पहले मृतक ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने उसके साथ जमीन खरीदने के नाम पर चार करोड़ की धोखाधड़ी होने की बात कही है। उसने वीडियो में धोखाधड़ी करने वालों के नाम भी उजागर किये हैं। साथ ही ऊधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा और आईटीआई और पेगा चैकी के पुलिस कर्मियों पर बेहद गंभीर आरोप लगाये हैं।
वीडियो में मृतक ने आरोप लगाया गया कि वह एसएसपी के अलावा अन्य पुलिस कर्मियों से मिला और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की लेकिन किसी ने भी उसकी नहीं सुनी। उलटा उसे ही पुलिस कर्मियों ने डांटा और फटकार कर भगा दिया। मृतक ने एसएसपी पर भी बेहद गंभीर आरोप लगाये।
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर जारी होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आज एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए आईटीआई थाना प्रभारी कुंदन सिंह रौतेला और उप निरीक्षक प्रकाश बिष्ट को इस मामले में लापरवाही बरतने की वजह से निलंबित करने के आदेश दे दिये जबकि शेष 10 पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित