बैतूल , मई 25 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की मुलताई पुलिस ने किसानों से फसल खरीद के नाम पर 21 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 23 मई को फरियादी सुधीर चौहान निवासी ग्राम बाडेगांव 23 किसानों के साथ थाना मुलताई पहुंचे थे। शिकायत में बताया गया कि मुलताई के भगतसिंह वार्ड निवासी रवि गुजरे ने किसानों से गेहूं और मक्का की फसल खरीदी थी, लेकिन भुगतान नहीं किया। शिकायत के अनुसार आरोपी किसानों को लगातार भुगतान का आश्वासन देता रहा और बाद में करीब 21 लाख 56 हजार 65 रुपए की राशि लौटाने से बचता रहा।
मामले की जांच के बाद थाना मुलताई में आरोपी रवि गुजरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी एस के सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि गुजरे को मुलताई कस्बे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित