चंडीगढ़ , जुलाई 21 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान पर किसानों और किसान नेताओं के खिलाफ की गयी पुलिस कार्रवाई को लेकर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारों पर काम कर रहे हैं और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे किसानों को रोकने के की कार्रवाई की गयी।
राजा वड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी की भाजपा के साथ सांठगांठ हो चुकी है और यही कारण है कि श्री मान केंद्र सरकार के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब किसान केवल केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करने दिल्ली जा रहे थे, तो पंजाब सरकार को उन्हें रोकने की क्या जरूरत थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कहने पर पंजाब सरकार ने यह कार्रवाई की ताकि किसान दिल्ली न पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि श्री मान अक्सर खुद को 'किसान का बेटा' बताते रहे हैं, लेकिन इस कार्रवाई से उन्होंने किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भुला दिया है।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने याद दिलाया कि वर्ष 2020 में कांग्रेस सरकार ने पंजाब के किसानों को दिल्ली जाने से नहीं रोका था। किसानों ने दिल्ली की सीमाओं पर एक वर्ष तक आंदोलन किया और अंततः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीन कृषि कानून वापस लेने पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित