श्रीगंगानगर , जून 13 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में किसानों ने सिंचाई मंत्री सुरेश रावत से भाखड़ा सिंचाई प्रणाली की सुंदरपुरा माइनर (एसडीपी नहर) की हालत काफी खस्ता हो जाने पर इसकी मरम्मत करवाने की मांग की है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता डाॅ बृजमोहन सहारण के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में सिंचाई मंत्री सुरेश रावत से मुलाकात की और उनको इस नहर की हालत के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। डाॅ सहारण ने बताया कि भाखड़ा नहर की एमजेडी से निकलने वाली वितरिका सुंदरपुरा माइनर की मरम्मत की मांग की गयी है। उन्होंने मंत्री को बताया कि राज्य सरकार ने विभिन्न नहरों और वितरिकाओं की मरम्मत के लिए बजट जारी किया है, लेकिन सुन्दरपुरा माइनर को इसमें शामिल नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि नहर की हालत खराब है,जगह- जगह इसका स्तर भी सही नहीं है। करीब 12 चकों और गांवों को जोड़ने वाली नहर में अंतिम छोर तक पानी जाने में दिक्कत आ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित