जयपुर , जुलाई 27 -- राजस्थान में किसानों ने किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट के नेतृत्व में ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे को रद्द करने की मांग को लेकर जयपुर और सीकर के बीच ट्रैक्टर रैली निकाली और सड़क पर जमावड़ा लगा दिया।
इस दौरान सीकर राजमार्ग पर रीगस एवं गोविंदगढ़ के मध्य तातेडा मोड़ पर किसानों के टैक्टरों का जमावड़ा लगा दिया जिससे जाम लग गया। करीब 500 टैक्टरों का जमावड़ा तीन दिशाओं से सड़कों पर आने से पुलिस एवं प्रशासन काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में किसान महापंचायत के पदाधिकारी ट्रैक्टरों के जमावड़े को पंक्तियों में खड़ा कर संभालते रहे। इसमें टोंक, अजमेर, फुलेरा,दूदू, श्रीमाधोपुर, कोटपूतली, चौमूं के किसानों ने भी इस आन्दोलन में भाग लिया।
बाद में जिला कलेक्टर जयपुर सन्देश नायक एवं पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने आन्दोलन स्थल से दो किलोमीटर दूर स्थित उपाधीक्षक कार्यालय गोविंदगढ़ में किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ताकी तथा सात दिन में राज्य सरकार के साथ ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे रद्द करने की मांग पर वार्ता आयोजित करने का विश्वास दिलाया। उसके लिए समय ,दिनांक, स्थान से किसान नेता रामपाल जाट को अवगत कराया जायेगा।
उसके बाद किसानों को जिला कलेक्टर ने मोबाइल से ऑनलाइन संबोधित करते किया और उन्होंने किसानों से अपील करते हुए आंदोलन को स्थगित कर टैक्टरों को वापस ले जाने का आग्रह किया। इसके बाद किसानों का प्रदर्शन समाप्त हो गया। किसानों ने चेतावनी दी कि सात दिन में वार्ता आयोजित नहीं हुई तों किसान ट्रैक्टरों से जयपुर कूच करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित