बठिंडा , सितंबर 14 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए पूछा कि किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली आपूर्ति देने का उनका दावा कहां है।
श्री बादल ने आरोप लगाया कि राज्य के किसान रोजाना आठ से 10 घंटे बिजली कटौती झेल रहे हैं, जबकि उद्योगों को भी छह से आठ घंटे की कटौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिजली की अग्रिम खरीद की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की, जिसके कारण करीब 8,000 से 9,000 मेगावाट की कमी पैदा हुई है। दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की सरकार की तरह अग्रिम बिजली खरीद समझौते किए जाते तो स्थिति से बचा जा सकता था। उन्होंने कांग्रेस और सत्तारूढ आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर राज्य के बिजली क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि अकाली सरकार ने नए ताप बिजली संयंत्रों के साथ जैव-ईंधन और सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित कर पंजाब को बिजली अधिशेष राज्य बनाया था लेकिन पिछले 10 वर्षों में एक मेगावाट भी नई क्षमता नहीं जोड़ी गई।
शिअद अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनाव में अकाली दल को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि 2027 में सत्ता में आने पर पार्टी बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाकर पंजाब को फिर बिजली अधिशेष राज्य बनाएगी। इससे पहले श्री बादल ने जिला परिषद के नवनियुक्त अध्यक्ष स्वर्ण सिंह पूहली और उपाध्यक्ष जसकरण कौर बल्लुआना को पदभार संभालने पर सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अकाली नेता सिकंदर सिंह मलूका भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित