भोपाल , सितंबर 27 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों को सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पहली बार शहडोल के किसानों से श्री अन्न कोदो और कुटकी की समर्थन मूल्य पर खरीदी की गई है और इस बार किसानों का धान भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।
डॉ. यादव ने रविवार को उज्जैन से शहडोल में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित करते हुए किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार सिंचाई का रकबा बढ़ाने के प्रयास करेगी और हर खेत तक पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए पशुपालन को प्रोत्साहित किया जाएगा। किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराकर आधुनिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। पशुपालन, बकरी पालन, कुक्कुट पालन और मछली पालन से किसानों को जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शहडोल जिले के ओडीपी उत्पाद हल्दी को जियोटैग मिला है। क्षेत्र में हल्दी का प्रचुर उत्पादन होता है, इसलिए मसाला फसलों की खेती को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। हल्दी की प्रोसेसिंग और बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकें।
डॉ. यादव ने जैविक खेती करने वाले किसानों से संवाद किया तथा शहडोल क्षेत्र के राजाबाग अमरूद, मूंगा, कोदो और कुटकी की प्रसिद्धि का उल्लेख करते हुए किसानों को उद्यानिकी फसलों का उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की दुर्लभ वनस्पतियों के संग्रहण, प्रसंस्करण और बाजार की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की मदद के लिए हर कदम पर खड़ी है। अब तक किसानों को बिना ब्याज का ऋण साल में दो बार भरने की सुविधा दी जा रही थी, लेकिन अब इसे साल में एक बार करने का निर्णय लिया गया है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार साल में कभी भी ऋण की राशि जमा कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि शहडोल क्षेत्र में होम-स्टे विकसित किए जाएंगे। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के जनजातीय बहुल ग्रामों में होम-स्टे बनाए जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने अनुदान की व्यवस्था की है, जिससे युवाओं को रोजगार एवं आय के नए अवसर मिलेंगे और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन विभाग के माध्यम से होम-स्टे का संचालन भी कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक कृषि को अधिक से अधिक अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, आधुनिक खेती के तौर-तरीकों और विभिन्न कृषि योजनाओं से संबंधित साहित्य वितरित किया गया। महोत्सव के माध्यम से किसानों को कृषि के साथ पशुपालन, उद्यानिकी एवं अन्य गतिविधियों को अपनाकर आय के विविध स्रोत विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में एपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव, जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह, ब्यौहारी विधायक शरद कोल, जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी, जिला पंचायत सीईओ शिवम् प्रजापति, जयपाल सिंह चावड़ा, विन्ध्य विकास प्राधिकरण अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति, कप्तान सिंह, ब्रजेश प्रताप सिंह, सुरेश चतुर्वेदी, जिला योजना समिति सदस्य अमिता चपरा, संतोष लोहानी, रविकांत त्रिपाठी, भूपेंद्र मिश्रा, संयुक्त संचालक कृषि के.एस. यादव, कृषि वैज्ञानिक मृगेन्द सिंह, डॉ. बी.के. प्रजापति, भानू प्रताप सिंह सहित जिले के किसान, कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित