बुलढाणा , अक्टूबर 29 -- महाराष्ट्र में शिवसेना (शिंदे गुट) के बुलढाणा से विधायक संजय गायकवाड़ ने किसानों की आत्महत्या को लेकर दिये गये एक विवादित बयान से नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।

बुलढ़ाना के विधायक श्री गायकवाड़ ने लोगों से अपील की है कि वे आत्महत्या करने वाले किसानों के अंतिम संस्कार में शामिल न हों। उनका तर्क है कि अगर लोगों को यह डर हो कि मरने के बाद उनके शवों को जानवर खा सकते हैं, तो शायद वे आत्महत्या जैसा कदम उठाने से पीछे हटें।

उन्होंने मंगलवार को महाराष्ट्र में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह बात कही। वे एक राजनेता के हालिया बयान पर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसने किसानों की आत्महत्या पर चर्चा करते हुए गलती से अपशब्द का इस्तेमाल कर दिया था। श्री गायकवाड़ ने परेशान किसानों से अपील की कि वे अपनी जान देने और अपने परिवार को मुश्किलों में छोड़ने की बजाय सरकार, अपने चुने हुए प्रतिनिधियों या अन्य उपलब्ध स्रोतों से मदद मांगें।

उन्होंने कहा, "अगर आप किसी समस्या का सामना कर रहे हैं, तो सरकार, अपने विधायक या सांसद को लिखें। आप मुझे भी अपनी परेशानियों के बारे में बता सकते हैं, हर कोई आपकी मदद करेगा। लेकिन अपनी जान दे देना और अपने बच्चों को बेसहारा छोड़ देना असल में उन्हें सजा देने जैसा है।" उन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि किसान अपनी पत्नियों और बच्चों से किए गए वादों के बावजूद अपने परिवार को कैसे छोड़ सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित